कोरोना : खुद को मां दुर्गा बता झाड़-फूंक करने पहुंची महिला, पुलिस को देखते ही निकाल लिया तलवार
लॉकडाउन के बावजूद कोतवाली क्षेत्र के मेहड़ा पुरवां गांव में एक महिला बुधवार को अपने घर में बने आश्रमनुमा स्थल पर भीड़ जुटा कर झाड़-फूंक कर रही थी। सूचना पर एसडीएम और सीओ पहुंचे तो महिला तलवार लेकर खड़ी हो गई। पुलिस ने लाठी भांजते हुए भीड़ को खदेड़ दिया और महिला, उसके पति-बेटे समेत 12 लोगों को गिरफ्तार कर लिया। इसमें झाड़फूंक कराने आने वाले कई लोग भी शामिल थे। सभी के खिलाफ जानलेवा हमला समेत कई गंभीर धाराओं में केस दर्ज हुआ है।
मेहड़ापुरवा गांव की रहने वाली सुभद्रा यादव खुद को मां आदि शक्ति दुर्गा बताते हुए काफी समय से झाड़-फूंक करती थी। शिक्षक पति भी इस काम में उसकी मदद करता था। दोनों ने अपने घर पर ही आश्रमनुमा स्थान बना रखा था। दूर-दूर से लोग वहां झाड़फूंक कराने आते थे। कुछ लोग महीनों तक यहीं रहते भी थे। इससे यहां काफी भीड़ लगी रहती थी। बुधवार को पूरे जिले में लॉकडाउन था। इसके बावजूद यहां झाड़-फूंक चल रहा था। किसी ने इसकी सूचना जिला प्रशासन को दी। एसडीएम दिनेश कुमार मिश्र और सीओ सिटी निष्ठा उपाध्याय मयफोर्स मौके पर पहुंचे। यह देख सुभद्रा देवी तलवार लेकर सामने आ गई। प्रशासन की चेतावनी के बावजूद वह हटने को तैयार नहीं थी। उसके परिजनों के साथ ही झाड़-फूंक कराने पहुंचे कुछ अन्य लोग भी इसका विरोध करने लगे। स्थिति बिगड़ते देख पुलिस ने सख्ती दिखाते हुए लाठी भांजना शुरू कर दिया। मौके पर अफरा-तफरी मच गई। कुछ लोगों को चोटें भी आईं। मौके से सुभद्रा यादव और उसके परिवार के सदस्य समेत 12 लोगों को गिरफ्तार किया गया।